श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर यादव युवा संगठन की भव्य मोटरसाइकिल रैली, महापौर रामू रोहरा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

धमतरिहा के गोठ
0
संजय छाजेड़ 
धमतरी/ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर यादव युवा संगठन धमतरी द्वारा भव्य मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ एकलव्य खेल मैदान, धमतरी से हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा उपस्थित रहे और उन्होंने हरी झंडी दिखाकर मोटरसाइकिल रैली को रवाना किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में यादव समाज के युवा एवं नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और धार्मिक नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। युवाओं ने पारंपरिक एवं उत्साहपूर्ण तरीके से रैली में सहभागिता करते हुए श्रीकृष्ण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
महापौर रामू रोहरा ने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, सत्य, कर्तव्य, प्रेम और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा मिलता है।
यादव युवा संगठन द्वारा आयोजित इस भव्य मोटरसाइकिल रैली में युवाओं का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। आयोजन को सफल बनाने में यादव युवा संगठन के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाजजनों का विशेष योगदान रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)