गोकुलपुर वार्ड को मिली 39.91 लाख की विकास सौगात, चार निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

धमतरिहा के गोठ
0


 संजय जैन 

धमतरी/ नगर पालिक निगम धमतरी के गोकुलपुर वार्ड में विकास कार्यों को नई गति देते हुए 39.91 लाख रुपए की लागत के चार विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर श्री जगदीश ‘रामू’ रोहरा ने विकास कार्यों की आधारशिला रखी। कार्यक्रम की अध्यक्षता निगम सभापति श्रीमती कौशिल्या देवांगन ने की।

भूमिपूजन के दौरान महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने और नागरिकों की जरूरत के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे, यही निगम की प्राथमिकता है। शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों का सीधा असर आम नागरिकों के जीवन पर पड़ता है।

चार प्रमुख कार्यों की रखी आधारशिला

गोकुलपुर वार्ड में स्वीकृत कार्यों में स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 9.96 लाख रुपए, आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-01 के नवीन भवन निर्माण के लिए 12 लाख रुपए, गोकुल वाटिका कॉलोनी में आरसीसी नाली एवं सीसी रोड निर्माण के लिए 14.28 लाख रुपए तथा कर्मा हॉल से मिक से मेंग दुकान तक आरसीसी नाली निर्माण के लिए 3.67 लाख रुपए शामिल हैं।

महापौर ने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने के बाद विद्यार्थियों, बच्चों, महिलाओं और वार्डवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं सीसी रोड और आरसीसी नाली निर्माण से आवागमन सुगम होने के साथ जल निकासी की व्यवस्था भी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और स्थायित्व सुनिश्चित करना भी है। वार्डों की प्राथमिक आवश्यकताओं को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के अध्यक्ष श्री विजय मोटवानी एवं शिक्षा, महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती विभा चंद्राकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर पार्षद गजेंद्र कंवर, चंद्रभागा साहू, अज्जू देशलहरे, आशा नंदू लोधी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी उषाकिरण चंद्राकर, विजय साहू, प्राचार्य शैलजा पांडेय, प्रेमदास, भगवान सिंह कंवर, आकाश गिरी गोस्वामी, लेखराम नेताम, श्रीराम यादव, मनराखन सिन्हा, जीवन साहू, फलेंद्र साहू, अयोध्या प्रसाद साहू, यशोदा साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। भूमिपूजन कार्यक्रम में पार्षद गजेंद्र कंवर सहित वार्डवासियों ने विकास कार्यों की स्वीकृति एवं शुरुआत पर महापौर रामू रोहरा और नगर निगम के जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)