संजय छाजेड़
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर NEET-UG 2026 परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश की प्रतिष्ठित नीट परीक्षा का बार-बार लीक होना देश के लाखों होनहार युवाओं के सपनों की हत्या करने जैसा है। दिन-रात मेहनत करने वाले 22 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं और उनके परिवारों की उम्मीदों को इस भ्रष्ट सिस्टम ने पूरी तरह तोड़ दिया है। तारिणी चंद्राकर ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि मोदी सरकार में अब परीक्षाएं सिर्फ पेपर लीक, धोखाधड़ी और धांधली का जरिया बनकर रह गई हैं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की विश्वसनीयता पूरी तरह खत्म हो चुकी है और यह युवाओं के लिए 'नेशनल तमाशा एजेंसी' साबित हो रही है। परीक्षा से 42 घंटे पहले ही प्रश्नपत्रों का व्हाट्सएप पर लीक हो जाना और कथित 'गेस पेपर' का असली परीक्षा से हूबहू मिलना इस बात का प्रमाण है कि इस महाघोटाले में बड़े शिक्षा माफियाओं को सरकार का खुला संरक्षण प्राप्त है। साथ ही जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पेपर लीक गिरोह में भाजपा से जुड़े बड़े रसूखदार और माफिया शामिल हैं, जिन्हें सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। इसी कारण सरकार शुरुआत में इस महाघोटाले पर पर्दा डालने का प्रयास करती रही। आगे कहा की केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल में लगातार परीक्षाओ मे धांधलिया हो रहीं हैं नैतिकता के आधार पर उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। हमारे नेता श्री राहुल गांधी जी ने संसद से लेकर सड़क तक हमेशा युवाओं के हक की आवाज उठाई है। जब तक पीड़ित छात्रों को पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता और पारदर्शी तरीके से दोबारा परीक्षा आयोजित नहीं की जाती, तब तक कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी और युवाओं की आवाज बुलंद करती रहेगी।
