संजय छाजेड़
धमतरी। जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। कलेक्टर अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन एवं प्रयासों से जिले के सक्रिय उद्यमी तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र (DTIC) धमतरी में DRP के रूप में कार्यरत डॉ. संदीप मेश्राम का चयन भारतीय प्रबंधन संस्थान रायपुर द्वारा आयोजित “Advanced MDP for Business Scale-Up for MSMEs” कार्यक्रम में हुआ है।
यह प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को सशक्त बनाने, व्यवसाय को स्केलेबल मॉडल में विकसित करने तथा दीर्घकालीन विकास रणनीतियों को समझने हेतु आयोजित किया जा रहा है।
विशेष बात यह है कि इस कार्यक्रम में चयनित प्रतिभागियों को पूर्णतः निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान रहने, भोजन एवं अध्ययन की सभी व्यवस्थाएँ संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई जाएँगी तथा कार्यक्रम पूर्ण होने पर प्रतिभागियों को संस्थान द्वारा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।डॉ. संदीप मेश्राम का चयन धमतरी जिले के लिए गौरव की बात है। एक उद्यमी होने के साथ-साथ जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र में DRP के रूप में उनकी सक्रिय भूमिका जिले में उद्यमिता संवर्धन के प्रयासों को और सशक्त बनाती है। इससे जिले के अन्य युवा उद्यमियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
जिला प्रशासन ऐसे सभी उद्यमियों, स्टार्टअप संचालकों, व्यवसायियों, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से जुड़े हितग्राहियों तथा उद्यम प्रोत्साहन से जुड़े युवाओं से आग्रह किया है कि वे इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेकर अपने उद्यम को विस्तार दें और जिले के आर्थिक विकास में योगदान करें।
यह भी उल्लेखनीय है कि धमतरी जिले के अन्य युवा उद्यमी, जो अपना उद्योग या व्यवसाय संचालित कर रहे हैं, वे भी ऐसे कार्यक्रमों में आवेदन कर सकते हैं और इस अवसर का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को नई ऊँचाइयों तक ले जा सकते हैं।
जिला प्रशासन का विश्वास है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से जिले में नवाचार, रोजगार सृजन एवं औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
