संजय छाजेड़
मानसिक दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र सार्थक स्कूल, धमतरी में एक भावनात्मक एवं सेवा-प्रधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी श्रीमती प्रतिभा बेन शाह अपनी पुत्रियों हीरल पारिख, सोनल दोशी एवं धारा अंबानी के साथ विशेष बच्चों के बीच पहुँचीं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा बच्चों को स्नेहपूर्वक अपने हाथों से भोजन परोसकर खिलाना। बच्चों के चेहरों पर झलकती मुस्कान और आत्मीयता ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया।
इस अवसर पर उनके परिवार द्वारा सार्थक स्कूल को 4 बैठने की चटाइयाँ एवं 2 बड़ी दरियाँ उपहार स्वरूप भेंट की गईं। यह सामग्री बच्चों की दैनिक गतिविधियों, प्रार्थना, योग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान व्यवस्थित एवं सहज बैठने में उपयोगी सिद्ध होगी।
उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम स्वर्गीय श्री प्रवीणचंद्र जी शाह की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया था। अपने व्यक्तिगत दुःख को सेवा में रूपांतरित करते हुए प्रतिभा बेन शाह ने विशेष बच्चों के बीच समय बिताकर स्नेह और संवेदना का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय श्री शाह जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं श्रद्धांजलि अर्पण से हुई। तत्पश्चात संगीत प्रशिक्षिका देविका दीवान ने प्रशिक्षकों एवं विशेष बच्चों के साथ “तेरा दर तो हकीकत में दुखियों का सहारा है...” भजन की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण श्रद्धा एवं भक्ति से सराबोर हो गया।
विशेष बच्चों द्वारा प्रस्तुत लघु नृत्य-नाटिका ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया और उनकी प्रतिभा की सराहना की गई।
सार्थक स्कूल की ओर से सचिव स्नेहा राठौड़ ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे स्नेहपूर्ण प्रयास विशेष बच्चों के आत्मविश्वास को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करते हैं।इस अवसर पर स्कूल के प्रशिक्षकगण मैथिली गोड़े, देविका दीवान,कौशिल्या यादव, काजल रजक ,आयाबाई सुनैना गोड़े एवं पालकगण उपस्थित रहे।
