शिव सिंह वर्मा स्कूल में 9.96 लाख रुपये की लागत से बनेगा प्रार्थना शेड, महापौर रामू रोहरा ने किया भूमिपूजन

धमतरिहा के गोठ
0


संजय जैन

धमतरी। नगर पालिक निगम धमतरी के अंतर्गत शिव सिंह वर्मा स्कूल में विद्यार्थियों की सुविधा एवं विद्यालय में बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 9.96 लाख रुपये की लागत से प्रार्थना शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर जगदीश ‘रामू’ रोहरा रहे। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में लोक निर्माण विभाग के सभापति विजय मोटवानी एवं शिक्षा एवं महिला बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती विभा चंद्राकर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्यगण, पार्षदगण, एल्डरमैन, विद्यालय परिवार, एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर रामू रोहरा ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के शिक्षा के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण और सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं एवं अधोसंरचना का विकास जरूरी है। प्रार्थना शेड के निर्माण से विद्यार्थियों को प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, शैक्षणिक गतिविधियों एवं अन्य आयोजनों के दौरान सुविधा मिलेगी। साथ ही धूप और बारिश के मौसम में विद्यार्थियों को काफी राहत प्राप्त होगी। महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के विद्यालयों में विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुरूप मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों एवं निगम प्रशासन के समन्वय से शिक्षा से जुड़ी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

विद्यार्थियों की पेंटिंग की महापौर ने की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई आकर्षक पेंटिंग एवं चित्रकला का भी महापौर रामू रोहरा ने अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा एवं कला कौशल की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। महापौर ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच और प्रोत्साहन मिलने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उनकी रचनात्मक क्षमता को नई दिशा मिलती है कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने प्रार्थना शेड निर्माण को विद्यार्थियों के हित में उपयोगी पहल बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। भूमिपूजन के साथ ही निर्माण कार्य की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। इस अवसर पर पार्षद श्रीमती चंद्रभागा साहू, शैलेश रजक, एल्डरमैन श्रीमती सीमा चौबे, श्रीमती संगीता जगताप, प्राचार्य बी. मैथ्यू सहित शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)