महापौर रामू रोहरा ने रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, कहा—धमतरी को जल्द मिलेगी रेल सेवा की सौगात

धमतरिहा के गोठ
0


 संजय छाजेड़

धमतरी। नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म, रेलवे ट्रैक, स्टेशन परिसर सहित अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।

महापौर  ने कहा कि धमतरी की जनता लंबे समय से रेल सेवा की प्रतीक्षा कर रही है और अब यह सपना साकार होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दो टूक कहा कि रेलवे ट्रैक निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि आमजन को जल्द से जल्द रेल सुविधा का लाभ मिल सके।

महापौर ने कहा कि रेल सेवा शुरू होने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि धमतरी के व्यापार, कृषि, उद्योग और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। यह परियोजना धमतरी के समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा सभी कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर भी उन्होंने जोर दिया।

महापौर ने कहा कि नगर निगम और रेलवे प्रशासन के निरंतर समन्वय से कार्य तेजी से प्रगति पर है और आने वाले समय में धमतरी को रेल सेवा की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना शहर की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर नगर निगम की सभापति श्रीमती कौशल्या देवांगन, एमआईसी सदस्य श्री श्यामलाल नेताम, श्री पिंटू यादव, श्रीमती विभा चंद्राकर सहित पार्षद श्रीमती नम्रता पवार, श्री अज्जू देशलहरे, श्री मेघराज ठाकुर, श्रीमती अनिता अग्रवाल, श्री गजेंद्र कवर एवं श्री संजय देवांगन उपस्थित रहे। साथ ही रेलवे विभाग के अधिकारी एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)