संजय छाजेड़
अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित अरवाइन (Irvine) शहर से धमतरी आईं कृष्णा बेन वलिया ने सार्थक स्कूल के विशेष विद्यार्थी एवं फुटबॉल खिलाड़ी सत्यांशु दीप को साइकिल भेंट की। कृष्णा बेन धमतरी की दो बार विधायक रह चुकीं स्वर्गीय जयाबेन दोशी जी की बड़ी सुपुत्री हैं।
सत्यांशु को ग्राउंड पर रनिंग और फुटबॉल की नियमित प्रैक्टिस के लिए आने-जाने में साइकिल की आवश्यकता थी। इसकी जानकारी मिलने पर कृष्णा बेन ने तत्काल सहमति देते हुए उसके लिए अच्छी कंपनी की साइकिल भेंट की। साइकिल की चाबी सत्यांशु को सौंपते हुए उन्होंने उसे स्नेहपूर्ण आशीर्वाद दिया और खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने तथा नई उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं। अपनी नई साइकिल पाकर सत्यांशु बेहद खुश हुआ और उसने कृष्णा बेन को धन्यवाद दिया।
सत्यांशु का परिवार सामान्य आर्थिक परिस्थितियों में जीवनयापन करता है। ऐसे में खेल अभ्यास से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं जुटाना परिवार के लिए आसान नहीं है। इसके बावजूद सत्यांशु की खेल के प्रति लगन और आगे बढ़ने का जज्बा लगातार बना हुआ है।
उल्लेखनीय है कि सत्यांशु ने स्वीडन में आयोजित गोथिया कप 2026 में स्पेशल ओलंपिक्स भारत की ओर से भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए फुटबॉल में कांस्य पदक हासिल किया है। उसकी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि और खेल के प्रति लगन को देखते हुए साइकिल उसके नियमित अभ्यास और आगे की तैयारी में महत्वपूर्ण सहयोग बनेगी।
सार्थक स्कूल की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी ने कहा कि खेल में सफलता के लिए नियमित अभ्यास जरूरी है और अभ्यास स्थल तक पहुंचने की सुविधा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। कृष्णा बेन ने सत्यांशु की इस आवश्यकता को समझकर जो सहयोग दिया है, वह उसके खेल सफर को आगे बढ़ाने में मददगार होगा। उन्होंने समाज के सक्षम एवं खेलप्रेमी नागरिकों से भी अपील की कि वे सत्यांशु जैसे प्रतिभाशाली विशेष खिलाड़ियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहयोग और प्रोत्साहन दें, ताकि आर्थिक सीमाएं उनकी खेल प्रतिभा और आगे बढ़ने के सपनों में बाधा न बनें।
सत्यांशु की माता श्रीमती रंभा दीप ने इस आत्मीय सहयोग के लिए कृष्णा बेन के प्रति आभार व्यक्त किया।
