संजय छाजेड़
स्वीडन के गोथेनबर्ग में आयोजित Special Olympics Football Trophy–Gothia Cup 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीतने वाले धमतरी के होनहार खिलाड़ी एवं सार्थक स्कूल धमतरी के विशेष छात्र सत्यांशु दीप का लायंस क्लब धमतरी “फ्रेंड्स” द्वारा आत्मीय एवं गरिमामय सम्मान किया गया।
सिंधी धर्मशाला, आमापारा धमतरी में स्वर सम्राट स्वर्गीय मुकेश जी की पुण्यतिथि पर आयोजित भव्य संगीत संध्या “मुकेश की यादें” के अवसर पर सत्यांशु की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि को विशेष रूप से सराहा गया। लायंस क्लब धमतरी “फ्रेंड्स” की ओर से उन्हें अभिनंदन पत्र, स्मृति चिन्ह एवं ₹1100 की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष लायन शकुंतला साहू, कोषाध्यक्ष लायन अंजुला सोनी, एडमिनिस्ट्रेटर एमजेएफ लायन मनोज सोनी एवं सिंधी समाज के अध्यक्ष चंदूलाल जसवानी ने मंच से सत्यांशु को सम्मानित किया।
इस अवसर शकुंतला साहू ने कहा कि सत्यांशु दीप धमतरी के युवाओं और विशेष बच्चों के लिए प्रेरणा के प्रतीक हैं। स्वीडन में भारत का प्रतिनिधित्व कर कांस्य पदक जीतना पूरे धमतरी शहर के लिए गर्व और खुशी का क्षण है। क्लब को ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी को सम्मानित करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है।सम्मान समारोह के दौरान सत्यांशु के साथ उनकी माता रंभा दीप एवं सार्थक संस्था की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी भी उपस्थित रहीं और सम्मान ग्रहण किया।
