संजय छाजेड़
छत्तीसगढ़ी संगीत जगत के लिए एक बेहद गौरवशाली और ऐतिहासिक खबर सामने आई है। डिंपल म्यूजिक के बैनर तले तैयार छत्तीसगढ़ी वीडियो सॉन्ग “मोर दिल के धड़कन” ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
इस लोकप्रिय म्यूजिक वीडियो को तीसरे इमेजिनेशन फिल्म्स इंटरनेशनल फेस्टिवल 2026 में ‘बेस्ट म्यूजिक वीडियो’ के अवॉर्ड से नवाजा गया है।
खास बात ये है कि इस अंतरराष्ट्रीय फेस्टिवल में 51 देशों की कुल 331 फिल्मों और प्रोजेक्ट्स ने हिस्सा लिया था। कड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा के बीच छत्तीसगढ़ी कला और संस्कृति से जुड़े “मोर दिल के धड़कन” ने जूरी का दिल जीतते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
इस पूरे प्रोजेक्ट में छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली संगीतकार डीजे अंशुल नगरी की भी अहम भूमिका रही। उन्होंने गाने का म्यूजिक कंपोज करने के साथ-साथ इसे प्रोड्यूस और अरेंज किया है। उनके शानदार म्यूजिक अरेंजमेंट ने इस गीत को एक अलग पहचान दिलाई।
भिलाई के होटल सेंट्रल पार्क में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय समारोह में छत्तीसगढ़ी म्यूजिक वीडियो को मिले इस सम्मान ने एक बार फिर साबित किया है कि छत्तीसगढ़ की स्थानीय कला, संस्कृति और संगीत में वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाने की पूरी क्षमता है।
