संजय छाजेड़
धमतरी 29 जुलाई।धर्म की नगरी धमतरी एक बार फिर गौरवान्वित होगा जब शहर की बेटी मुमुक्षु आस्था लूनिया सांसारिक मोह, माया को छोड़ आत्मकल्याण के लिये संयम मार्ग पर चलने के लिये राजस्थान की पावन धरा गुलाबी नगरी जयपुर में आचार्य भगवंतों सहित अनेक साधु, साध्वियों की उपस्थिति में आगामी 10 दिसंबर को भगवती दीक्षा लेंगी। गुरू पूर्णिमा के शुभ अवसर पर गुरू भगवंतों, परिजनों की उपस्थिति में इनकी भगवती दीक्षा का ऐलान किया गया। तिथी की घोषणा होते ही धमतरी सहित छत्तीसगढ़ में हर्ष का वातावरण निर्मित हो गया। इसके पूर्व भी लूनिया परिवार की एक बेटी धर्म का परचम लहराने दीक्षा लेकर जिनशासन की शोभा बढ़ा रही हैं।
धमतरी के धर्मनिष्ठ लूनिया परिवार की लाड़ली बेटी मुमुक्षु बहन कु आस्था लूनिया सुपुत्री धनराज लूनिया एवं श्रीमती पूजा लूनिया की भगवती दीक्षा के तिथी का ऐलान आज गुरू भगवंतों के द्वारा परिजनों की उपस्थिति में किया गया। गुरू की आज्ञा से मुमुक्षु की भगवती दीक्षा 10 दिसंबर 2026 को राजस्थान की राजधानी जयपुर में पूज्य गुरु भगवंतों की पावन निश्रा में संपन्न होगी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जयपुर में आयोजित भव्य धार्मिक समारोह में पूज्य आचार्य भगवंतों द्वारा मुमुक्षु बहन आस्था लूनिया को दीक्षा मुहूर्त प्रदान किया गया। इस दौरान उनकी संयम दीक्षा की तिथि 10 दिसंबर 2026 घोषित की गई। मुमुक्षु बहन आस्था लूनिया काफी लंबे समय से धर्म के मार्ग पर चल रही हैं। पूजा, उपवास, चोहियार, गुरू भगवंतों के साथ पदयात्रा, नियमित जिनालय दर्शन, स्वाध्याय, सामायिक के साथ साथ परम पूज्य म.सा. की सेवा सहित जैन शास्त्र आगम का भी अध्ययन कर रही हैं। आखिरकार वह शुभ घड़ी जिसका लूनिया परिवार सहित धमतरी के समाजजनों को था, कि नगर की बेटी के भगवती दीक्षा का ऐलान कब और कहां होगा? इस पर आज गुरू भगवंतों ने विराम लगाते हुए 10 दिसंबर को राजस्थान के जयपुर में भगवती दीक्षा का ऐलान कर दिया है। गुरू भगवंतों के मुख से जैसे ही तारीखों का ऐलान हुआ, वहां उपस्थित सैकड़ों लोगों के मुख से संयम जीवन सार है, बाकी सब बेकार है.. जैनम जयति शासनम के गगनभेदी नारों से उक्त क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। धमतरी एवं छत्तीसगढ़ से भी अनेक श्रद्धालु इस ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी अवसर के साक्षी बनने जयपुर पहुंचेंगे। मुमुक्षु बहन आस्था लूनिया की आगामी संयम दीक्षा को लेकर लूनिया परिवार, धमतरी जैन समाज तथा समूचे छत्तीसगढ़ में उत्साह और आनंद का वातावरण है। समाजजनों ने इसे धमतरी के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि उनका संयम जीवन आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। मुमुक्षु बहन आस्था लूनिया के दीक्षा की तिथी का ऐलान होने के बाद वीर पिता बनने वाले धनराज लूनिया से जब दूरभाष पर चर्चा की गई तो वे भाव विभोर होते हुए कहा कि पूरे शहर सहित परिवार के लिये अत्यंत गौरव का क्षण है कि पूरे नगर की बेटी, मेरी पुत्री आस्था ने सांसारिक मोह माया को छोड़ आत्मकल्याण के लिये जिनशासन के मार्ग पर चलने का जो निर्णय लिया है उसमें पूरा परिवार, शहर उसके साथ है। उन्होंने समाजजनों से निवेदन किया कि बेटी की भगवती दीक्षा में अधिक से अधिक लोग पहुंचेंगे और बेटी को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
