कांग्रेस की बौखलाहट उजागर, विकास कार्यों का श्रेय हड़पने में जुटी कांग्रेस: भाजपा पार्षद

धमतरिहा के गोठ
0
संजय छाजेड़ 
धमतरी। शहर में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के शुभारंभ के बाद कांग्रेस का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है।भाजपा पार्षदों ने जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री आकाश गोलछा और कांग्रेस नेताओं के आरोपों को पूरी तरह निराधार, तथ्यहीन और जनता को गुमराह करने वाला बताया है। पार्षदों ने कहा कि धमतरी के महापौर रामू रोहरा के सतत प्रयासों, जनप्रतिनिधियों से निरंतर संवाद और शासन स्तर पर लगातार पहल के कारण ही शहर को बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों की सौगात मिली है।
भाजपा पार्षदों ने कहा कि 31 मई 2025 को आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में महापौर रामू रोहरा ने सार्वजनिक मंच से मुख्यमंत्री के समक्ष शिवाजी चौक से मुजगहन तथा सिहावा चौक से कोलियारी तक फोरलेन सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी थी। मुख्यमंत्री द्वारा इस मांग को स्वीकार करते हुए इसकी घोषणा की गई और अब उन्हीं कार्यों का भूमिपूजन एवं शुभारंभ हो रहा है। यह तथ्य धमतरी की जनता भलीभांति जानती है और शहर का बच्चा-बच्चा इस सच्चाई से परिचित है।
पार्षदों ने कहा कि विकास कार्यों का भूमिपूजन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के करकमलों से दिनाक १७/५/२६ को हुआ है, वहीं महापौर रामू रोहरा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यस्थल पर जाकर कार्य का शुभारंभ किया। ऐसे में कांग्रेस नेताओं द्वारा विकास कार्यों को लेकर अनर्गल आरोप लगाना उनकी राजनीतिक हताशा और बौखलाहट को दर्शाता है।
विकास देखकर कांग्रेस को हो रही परेशानी
भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास जनता के बीच जाने और विकास के मुद्दे पर बात करने के लिए कोई ठोस आधार नहीं बचा है। यही कारण है कि कांग्रेस के नेता अब श्रेय की राजनीति कर रहे हैं और विकास कार्यों पर भी विवाद खड़ा करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विधायक ओंकार साहू और कांग्रेस के कुछ नेताओं को यह बात पच नहीं रही है कि महापौर रामू रोहरा के नेतृत्व में धमतरी में लगातार विकास कार्यों को स्वीकृति मिल रही है। सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में जो कार्य वर्षों से लंबित थे, उन्हें गति मिली है।
जनता सब देख रही है
भाजपा पार्षदों ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि अब जनता केवल बयानबाजी नहीं बल्कि जमीनी काम देख रही है। धमतरी में फोरलेन सड़क, डिवाइडर निर्माण, विभिन्न वार्डों में विकास कार्य और अधोसंरचना विस्तार जैसे कार्य भाजपा सरकार की विकासवादी सोच का परिणाम हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने शासनकाल की विफलताओं और जनता से किए गए अधूरे वादों से ध्यान भटकाने के लिए अनर्गल बयान दे रही है। लेकिन जनता अब सच्चाई समझ चुकी है और विकास के मुद्दे पर किसी भी प्रकार की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।
कांग्रेस पहले अपने कार्यकाल का हिसाब दे
भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि वे पहले अपने कार्यकाल में धमतरी के लिए किए गए कार्यों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखें। वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस जिन कार्यों को पूरा नहीं कर सकी, उन्हें आज भाजपा सरकार और महापौर रामू रोहरा के प्रयासों से पूरा किया जा रहा है।
पार्षदों ने कहा कि धमतरी के विकास की यात्रा निरंतर जारी रहेगी और कांग्रेस के निराधार आरोप विकास की गति को रोक नहीं सकते। जनता का विश्वास विकास और सुशासन के साथ है, न कि झूठे आरोपों और राजनीतिक प्रपंचों के साथ।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)