संजय छाजेड़
धमतरी, 28 जून।
नगर पालिक निगम धमतरी के वार्ड क्रमांक 15 में राष्ट्रीय पोलियो दिवस के अवसर पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने हेतु विशेष जागरूकता एवं टीकाकरण अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं पालकों की सक्रिय सहभागिता रही।
वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद श्री कोमल सार्वा ने उपस्थित नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि "पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए टीकाकरण ही सबसे प्रभावी उपाय है। किसी भी बच्चे को इस अभियान से वंचित न रहने दें।"
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं अभियान में सहयोग देने वाले सभी कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही पोलियो मुक्त भारत का सपना साकार होगा।
इस अवसर पर उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों ने अभिभावकों को नियमित टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी तथा 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई।
