संजय छाजेड़
पंजाब।
पंजाब में आयोजित 7वीं राष्ट्रीय पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में कु. चंचल सोनी ने सर्वाधिक 5 पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की।
1 फरवरी 2026 को आयोजित 50 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा में कु. चंचल सोनी ने रजत पदक प्राप्त किया, वहीं 30 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा में उन्होंने कांस्य पदक जीता।
पुरुष वर्ग की 30 मीटर स्पर्धा में हरिओम शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
मिक्स टीम स्पर्धा में छत्तीसगढ़ टीम ने तमिलनाडु को पराजित कर कांस्य पदक अर्जित किया।
2 फरवरी 2026 को आयोजित ओलंपिक राउंड में कु. चंचल सोनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। वहीं महिला टीम स्पर्धा में कु. चंचल सोनी एवं श्यामकुमारी की जोड़ी ने राजस्थान को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
इस प्रकार कु. चंचल सोनी ने प्रतियोगिता में 2 रजत, 1 स्वर्ण एवं 2 कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक प्रदर्शन किया।
