संजय छाजेड़।
धमतरी। लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत लोकसभा क्षेत्र महासमुंद के विधानसभा धमतरी और कुरूद तथा लोकसभा क्षेत्र कांकेर के विधानसभा सिहावा में मतदान कार्य को सुचारू संपन्न कराने के लिए आज जिले में बनाए गए मतदान सामग्री वितरण केन्द्र स्थानीय भोपाल राव शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज से मतदान दलों को मतदान सामग्री के साथ मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। जिले में शुक्रवार 26 अप्रैल 2024 को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान संपन्न होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नम्रता गांधी के मार्गदर्शन में मतदान दलों को मतदान कार्य के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। निर्वाचन को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। मतदान सामग्री वितरण कार्य का कलेक्टर नम्रता गांधी सहित सीईओ जिला पंचायत रोमा श्रीवास्तव ने जायजा लिया।
शासकीय
भोपालराव पवार पॉलीटेक्निक कॉलेज रूद्री में आज मतदान दलों ने निर्वाचन कार्य के लिए
सामग्री ली एवं अपने-अपने निर्धारित मतदान केन्द्र के लिए निर्वाचन कार्य सम्पन्न कराने
रवाना हुए। जिस स्थान से मतदान सामग्री का वितरण किया गया है, उसी स्थान पर मतदान सामग्री
की वापसी होगी। जिले में 753 मतदान केन्द्र के लिए कुल 3012 पीठासीन अधिकारी, मतदान
अधिकारी-1, मतदान अधिकारी-2, मतदान अधिकारी-3 के रूप में ड्यूटी लगाई गई है। इसी तरह
20 प्रतिशत अधिकारी, कर्मचारियों को रिजर्व रखा गया है।
जिले में होम वोटिंग के माध्यम से 68 वृद्धजन और दिव्यांग मतदाताओं ने घर पर मतदान किया। वहीं निर्वाचन कार्य में लगे 3 हजार 812 अधिकारी, कर्मचारियों ने डाक मतपत्र के जरिए मतदान किया। गौरतलब है कि जिले के प्रत्येक विधानसभा में 10-10 संगवारी मतदान केन्द्र (महिला प्रबंधित मतदान केन्द्र), दिव्यांग कर्मियों द्वारा प्रबंधित प्रत्येक विधानसभा में 1-1 मतदान केन्द्र और युवा तथा आदर्श मतदान केन्द्र प्रत्येक विधानसभा में 5-5 बनाये गये हैं।