संजय छाजेड़
धमतरी। शहर में पानी की सप्लाई करने वाले वाटर फिल्टर टैंक के अंदर 8 फीट लंबा विशालकाय अजगर मिलने से विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घटना 31 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे की है। नहर किनारे स्थित वाटर फिल्टर कार्यालय के पानी स्टोरेज टैंक में अजगर दिखाई देने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद तत्काल सर्पमित्र सूर्यकान्त साहू को इसकी सूचना दी गई।
जानकारी मिलते ही सर्पमित्र सूर्यकान्त साहू मौके पर पहुंचे। बताया गया कि टैंक करीब 14 से 15 फीट गहरा है। इसी टैंक में पानी फिल्टर होकर स्टोर किया जाता है और फिर यहां से पूरे शहर में पानी की सप्लाई होती है। ऐसे में पानी स्टोर करने वाले टैंक के अंदर अजगर मिलने की खबर ने कर्मचारियों की चिंता बढ़ा दी।
मौके पर पहुंचकर सर्पमित्र ने देखा कि करीब 8 फीट लंबा और लगभग 12 किलो वजनी अजगर टैंक के ऊपरी हिस्से में सीढ़ी के पास स्थित चैंबर में मौजूद था। विभागीय कर्मचारियों द्वारा नियमित रूप से लगभग हर 10 से 15 मिनट में चैंबर खोलकर जांच की जाती है। इसी दौरान एक कर्मचारी की नजर अजगर पर पड़ी। प्रारंभिक संभावना जताई जा रही है कि चैंबर का ढक्कन खुला रहने के कारण अजगर उसके अंदर प्रवेश कर गया होगा।
इस पूरे मामले में राहत की बात यह रही कि अजगर पानी की अधिक गहराई तक नहीं पहुंचा था। सर्पमित्र सूर्यकान्त साहू के मुताबिक, अजगर टैंक के ऊपरी हिस्से में सीढ़ी के पास ही मौजूद था। यदि वह पानी की अधिक गहराई में चला जाता और पानी के संपर्क में रहता, तो पूरी जलापूर्ति व्यवस्था को दोबारा फिल्ट्रेशन की स्थिति का सामना करना पड़ सकता था। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ और अजगर ऊपरी चैंबर में ही फंसा रहा।
सर्पमित्र ने यह भी बताया कि अजगर नॉन-वेनमस यानी विषहीन सांप होता है। इसलिए इसे जहरीला सांप समझकर घबराने की जरूरत नहीं है। उनके अनुसार, अजगर पानी के गहरे हिस्से तक नहीं पहुंचा था, जिससे फिल्टर टैंक के पानी के दूषित होने जैसी स्थिति सामने नहीं आई। हालांकि, पानी की गुणवत्ता को लेकर अंतिम पुष्टि संबंधित विभाग की जांच से ही होगी।
इसके बाद सूर्यकान्त साहू ने सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित बाहर निकालकर प्राकृतिक वातावरण में जंगल में छोड़ दिया।
गौरतलब है कि जिस टैंक से पूरे धमतरी शहर में पानी की सप्लाई होती है, उसी टैंक के चैंबर में इतने बड़े अजगर का मिलना अपने आप में चौंकाने वाली घटना है। समय रहते कर्मचारी की नजर पड़ने और सर्पमित्र को सूचना मिलने से अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू संभव हो सका।
📹 इस पूरी घटना का वीडियो देखने के लिए धमतरीहा के गोठ न्यूज के Instagram पेज पर विजिट करें। वहां अजगर के रेस्क्यू का पूरा वीडियो अपलोड किया गया है।
धमतरीहा के गोठ न्यूज | धमतरी, छत्तीसगढ़
