संजय छाजेड़
धमतरी। शहर में आज भारतीय जनता पार्टी की ओर से विशाल पदयात्रा निकाली गई। विंध्यवासिनी मंदिर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। इस दौरान भाजपा के कई दिग्गज नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा में महिलाओं की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
कांग्रेस के विरोध में आयोजित इस पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। रैली में शामिल लोगों ने अपने हाथों में लोकतंत्र और कांग्रेस विरोध से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां भी ले रखी थीं। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती इस पदयात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह नजर आया।
भाजपा की ओर से इस आयोजन को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के रूप में प्रस्तुत किया गया। वहीं, कांग्रेस के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम के चलते धमतरी में राजनीतिक माहौल गरमाता दिखाई दिया।
