संजय छाजेड़
धमतरी। सर्वोदय उच्चतर माध्यमिक शाला में आयोजित छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह एवं हरेली तिहार कार्यक्रम गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला धमतरी के जिला महामंत्री श्री ओमेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर ओमेश यादव ने कहा कि छात्रसंघ विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भाव और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। छात्र जीवन से ही नेतृत्व की भावना विकसित करने वाले युवा भविष्य में समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करें तथा विद्यार्थियों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र के नेतृत्वकर्ता हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। छात्रसंघ के माध्यम से विद्यार्थियों को नेतृत्व, संवाद और जिम्मेदारी का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है, जो उनके व्यक्तित्व निर्माण में सहायक बनेगा।
हरेली तिहार की शुभकामनाएं देते हुए श्री यादव ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की माटी, कृषि, लोकजीवन और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ ही नई पीढ़ी को भी इससे जोड़ना चाहिए।
अपने ही विद्यालय में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर छात्रसंघ पदाधिकारियों को शपथ दिलाने के अवसर को उन्होंने विशेष और भावुक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि जिस विद्यालय से शिक्षा और संस्कार प्राप्त किए, उसी विद्यालय में आज विद्यार्थियों के बीच मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होना उनके लिए गर्व का विषय है।
