संजय छाजेड़
धमतरी/ मराठपारा निवासी ऋषि महेंद्र कौशिक के भारतीय थल सेना (Indian Army) के अग्निवीर पद पर चयन होने पर नगर निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि ऋषि की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे धमतरी शहर के लिए गौरव का विषय है। युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करने वाली ऐसी सफलताएं समाज में सकारात्मक संदेश देती हैं।
महापौर श्री रोहरा ने ऋषि महेंद्र कौशिक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि भारतीय सेना में सेवा का अवसर मिलना गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऋषि अपनी लगन, अनुशासन और समर्पण से सेना में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर विशेष रूप से ऋषि महेंद्र कौशिक का जन्मदिन भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल सैन्य जीवन एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। बधाई एवं सम्मान समारोह का माहौल खुशी और गौरव से परिपूर्ण रहा।
