संजय छाजेड़
छत्तीसगढ़ को “विकसित राज्य” बनाने की दिशा में तथा माननीय मुख्यमंत्री जी के “विकसित छत्तीसगढ़” के विज़न को साकार करने हेतु, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, छत्तीसगढ़ शासन एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII) के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 06 नवम्बर 2025 को ग्राम भेंडरी (धमतरी) में “उद्यमिता एवं स्वरोजगार पर एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला” का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं एवं युवाओं को स्वरोजगार हेतु प्रेरित करना तथा उन्हें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना था।
वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार MSME क्षेत्र को सशक्त बनाकर “मेक इन इंडिया” पहल को गति प्रदान करने के लिए कार्यरत हैं, वहीं EDII के महानिदेशक डॉ. सुनील शुक्ला युवाओं को उद्यमिता को करियर विकल्प के रूप में अपनाने हेतु प्रोत्साहित कर रहे हैं।
EDII छत्तीसगढ़ टीम, डॉ. अमित कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में, राज्य में MSME विकास हेतु सतत उद्यमी पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण का लाभ लिया तथा उद्योग क्षेत्र से संबंधित अपनी समस्याओं को मंच पर साझा किया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को उद्यमिता विकास, व्यवसाय योजना निर्माण, विपणन रणनीतियाँ, वित्तीय प्रबंधन, शासकीय योजनाएँ एवं डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के उपयोग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।
डॉ. संदीप मेश्राम (DRP, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, धमतरी) ने विभिन्न शासकीय योजनाओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
वहीं श्री अरविन्द कुमार द्विवेदी (वरिष्ठ परियोजना अधिकारी, EDII) ने बताया कि यह कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर “आत्मनिर्भर भारत” की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इसका उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को रोजगारदाता बनने के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनें और अपना स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ कर सकें।
