गोकुलपुर अखाड़े में पहलवानों ने दिखाया दम, कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ

धमतरिहा के गोठ
0
संजय छाजेड़ 
धमतरी। शहर के गोकुलपुर वार्ड स्थित जय बजरंग अखाड़ा में रविवार को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय पुरुष एवं महिला कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के प्रथम सत्र में बालक कुश्ती का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी चेतन हिन्दूजा ने किया। इस दौरान पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपने दमखम और कुश्ती के दांव-पेंच का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में पार्षद गजेंद्र कंवर ने अध्यक्षता की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में दंतेश्वरी अखाड़ा रायपुर के उस्ताद अशोक यादव, जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष लक्ष्मण पहलवान तथा सतनामी समाज के जिलाध्यक्ष कोमल संभाकर सहित ए आर थीते उपस्थित रहे।
जय बजरंग अखाड़ा गोकुलपुर के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। आयोजन में सुबह 11 बजे बालक कुश्ती के प्रथम सत्र की शुरुआत हुई। आयोजन को लेकर कुश्ती प्रेमियों और खेलप्रेमियों में उत्साह है। मुख्य अतिथि चेतन हिन्दूजा ने कहा कि कुश्ती हमारी पारंपरिक खेल विधा है, जो केवल शारीरिक ताकत ही नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और आत्मविश्वास भी सिखाती है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिलता है। युवाओं को खेलों से जोड़ने और पारंपरिक खेल संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताएं जरूरी हैं। जय बजरंग अखाड़ा की यह पहल सराहनीय है। खिलाड़ियों को चाहिए कि वे खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लें और धमतरी का नाम रोशन करें।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)