पांच सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रावास अधीक्षक संघ की प्रदेशव्यापी हड़ताल, धमतरी में भी किया प्रदर्शन

धमतरिहा के गोठ
0
संजय छाजेड़ 
धमतरी। अपनी पांच सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ के आह्वान पर गुरुवार, 12 नवंबर को प्रदेशभर के छात्रावास अधीक्षकों ने एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की। इस दौरान धमतरी जिला मुख्यालय में भी नियमित एवं प्रभारी छात्रावास अधीक्षकों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
संघ की प्रमुख मांगों में अधीक्षक संवर्ग की सेवा शर्तों का निर्धारण, कार्य के घंटे तय करना, साप्ताहिक एवं सार्वजनिक अवकाश की सुविधा देना, 24 घंटे छात्रावास परिसर में उपस्थित रहने की अनिवार्यता समाप्त करना और कैडर पुनर्गठन कर पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराना शामिल है।
इसके अलावा प्रभारी अधीक्षकों को VSK ऐप से उपस्थिति दर्ज करने की अनिवार्यता से छूट देने, ऑनलाइन कार्यों के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने और HMS पोर्टल के माध्यम से मेस बजट में होने वाली कटौती पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई। संघ ने न्यूनतम 24 दिवस की उपस्थिति पर पूरा मेस बजट स्वीकृत करने की मांग की है।
अधीक्षकों का कहना है कि छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा, देखभाल और भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी उनके ऊपर रहती है। इसके बावजूद काम के घंटे और अवकाश को लेकर कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं है। छात्रावासों के बेहतर संचालन के लिए पर्याप्त बजट, सफाई सामग्री और विद्यार्थियों की चिकित्सा सुविधाओं के लिए समय पर राशि उपलब्ध कराना भी जरूरी है।
संघ ने शासन से सभी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्णय के अनुसार आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा और अपनी मांगों को शासन के उच्च स्तर तक पहुंचाने के लिए चरणबद्ध संघर्ष किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)