संजय छाजेड़
धमतरी/ बच्चों एवं किशोरों को कृमि संक्रमण से मुक्त रखने तथा डायरिया जैसी जलजनित बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस एवं स्टॉप डायरिया अभियान का आयोजन शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, इतवारी बाजार, धमतरी में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला स्वास्थ्य समिति, जिला धमतरी के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर श्री जगदीश रामू रोहरा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी धमतरी डॉ. यू.एल. कौशिक ने की। वहीं जिला पंचायत धमतरी की स्वास्थ्य सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर बच्चों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि बच्चों में कृमि संक्रमण उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में समय-समय पर कृमिनाशक दवा का सेवन, व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई और संतुलित आहार को अपनाना बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम में स्टॉप डायरिया अभियान के अंतर्गत डायरिया से बचाव एवं नियंत्रण के उपायों की जानकारी भी दी गई। उपस्थित लोगों को स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, भोजन से पहले एवं शौच के बाद साबुन से हाथ धोने, घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा डायरिया होने पर शरीर में पानी एवं आवश्यक लवण की कमी को रोकने के लिए ओआरएस एवं जिंक के उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया।
महापौर श्री जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ रहना पूरे समाज के स्वस्थ भविष्य के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस जैसे अभियान केवल दवा वितरण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लोगों में स्वास्थ्य, स्वच्छता और बीमारी से बचाव के प्रति जागरूकता पैदा करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित अभियानों का लाभ उठाएं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक ने अभियान के उद्देश्य और स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि कृमि संक्रमण एवं डायरिया की रोकथाम के लिए सामुदायिक सहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं संबंधित अमले को अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती मोनिका देवांगन ने भी लोगों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक, बच्चे एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लोगों को कृमि संक्रमण एवं डायरिया से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया गया।
