संजय छाजेड़
धमतरी जिला औषधि विक्रेता संघ के चुनाव का परिणाम घोषित हो गया है। पूरे जिले के मेडिकल व्यवसाय से जुड़े 513 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए संघ के नए पदाधिकारियों का चुनाव किया। धमतरी के शांति वाटिका में दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पांच चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की गई थी, जिनमें एक वरिष्ठ चुनाव अधिकारी भी शामिल रहे। वहीं, चुनाव का संचालन प्रदीप जैन, नगरी द्वारा किया गया। पूरे मतदान के दौरान व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रही और जिलेभर से आए दवा विक्रेताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान के बाद हुई मतगणना में अध्यक्ष पद पर राजेश साहू ने 200 वोटों के बड़े अंतर से शानदार जीत दर्ज की। वहीं सचिव पद पर राकेश साहू ने 39 वोटों से जीत हासिल की, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर दिनेश डे ने 65 वोटों के अंतर से विजय प्राप्त की।
परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जिले के सभी दवा विक्रेताओं के हितों की रक्षा, लाइसेंस संबंधी समस्याओं के समाधान, औषधि विभाग के साथ बेहतर समन्वय, नए नियमों की जानकारी, प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन तथा संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
