रथ यात्रा से पहले सड़कों की मरम्मत का आश्वासन, गड्ढों से श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

धमतरिहा के गोठ
0
संजय छाजेड़ 
धमतरी। आगामी दिनों में आयोजित होने वाले रथ यात्रा पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं लेकिन जगदीश मंदिर से भिलाई माता मंदिर तक जाने वाली सड़क की दुर्दशा श्रद्धालुओं और आयोजन समिति के लिए चिंता का विषय बनी हुई थी। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण रथ को खींचने में दिक्कत के साथ रथ को नुकसान पहुंचने का अंदेशा भी था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए समाजसेवी महेंद्र खंडेलवाल ने नगर निगम पीडब्ल्यूडी के सभापति विजय मोटवानी से चर्चा की। उन्होंने बताया कि हर साल हजारों श्रद्धालु रथ खींचने में शामिल होते हैं और खराब सड़कों के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ेगा। 
विजय मोटवानी ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना और तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने महेंद्र खंडेलवाल को आश्वस्त किया कि सोमवार से जगदीश मंदिर से भिलाई माता मार्ग तक सड़क की रिपेयरिंग का काम पूर्ण कर दिया जाएगा ताकि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के समय सड़कों की स्थिति दुरुस्त रखना निगम की प्राथमिकता है। सभापति के त्वरित निर्णय और आश्वासन पर समाजसेवी महेंद्र खंडेलवाल ने विजय मोटवानी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय रहते मरम्मत कार्य शुरू होने से रथ यात्रा शांतिपूर्ण और सुगमता से संपन्न होगी। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि गड्ढों के कारण न सिर्फ रथ खींचने में दिक्कत होती थी, बल्कि बुजुर्गों और बच्चों को भी चलने में परेशानी हो रही थी।  
अब निगम के इस कदम से रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ बिना किसी बाधा के पूरी होगी।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)