संजय छाजेड़
धमतरी। समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित सार्थक विशेष विद्यालय, धमतरी में विद्यालय के प्रतिभाशाली विशेष छात्र सत्यांशु दीप के भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल टीम में अंतिम चयन तथा स्वीडन में आयोजित SKF Gothia Cup–2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के अवसर पर भव्य अभिनंदन एवं शुभकामना समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय परिवार, अभिभावकों, अतिथियों एवं विशेष बच्चों ने आत्मीय वातावरण में सत्यांशु का सम्मान करते हुए उनकी सफल स्वीडन यात्रा एवं शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
समारोह का शुभारंभ सार्थक संस्था के संरक्षक गोपाल शर्मा एवं मदनमोहन खंडेलवाल द्वारा सत्यांशु को तिलक लगाकर "स्वीडन विजय यात्रा" का सैश पहनाने तथा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुआ। संस्था की सचिव स्नेहा राठौड़ ने भी उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए भारत का गौरव बढ़ाने का आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर जानकारी दी गई कि सत्यांशु दीप ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर स्पेशल ओलंपिक भारत–छत्तीसगढ़ के माध्यम से जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की। गांधीनगर, ग्वालियर एवं पांडिचेरी में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण एवं चयन शिविरों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका स्पेशल ओलंपिक भारत की भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल टीम में अंतिम चयन हुआ। वीज़ा सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएँ पूर्ण हो चुकी हैं और अब वे भारतीय टीम के सदस्य के रूप में स्वीडन में आयोजित SKF Gothia Cup–2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सार्थक संस्था की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी ने कहा कि सत्यांशु की सफलता विशेष बच्चों की असीम क्षमताओं, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल सत्यांशु की नहीं, बल्कि प्रत्येक विशेष बच्चे के सपनों और संभावनाओं की जीत है। उन्होंने स्पेशल ओलंपिक भारत–छत्तीसगढ़ के स्टेट डायरेक्टर प्रमोद तिवारी के सतत मार्गदर्शन तथा स्पोर्ट्स एक्सपर्ट रवि जैन के तकनीकी सहयोग की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से प्रदेश के विशेष खिलाड़ियों को जिला स्तर से राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच मिल रहा है।
उन्होंने सत्यांशु के विद्यालयीन खेल प्रशिक्षकों सुश्री देविका दीवान एवं काजल रजक की विशेष सराहना करते हुए कहा कि दोनों प्रशिक्षकों ने वर्षों तक धैर्य, समर्पण एवं नियमित अभ्यास के माध्यम से सत्यांशु की खेल प्रतिभा को निखारा। उन्होंने गांधीनगर, ग्वालियर एवं पांडिचेरी में आयोजित स्पेशल ओलंपिक भारत के राष्ट्रीय प्रशिक्षण एवं चयन शिविरों के दौरान सत्यांशु का मार्गदर्शन एवं सहयोग करने वाले स्पेशल कोच श्री विशाल तथा श्री नागेश कुमार एवं सुश्री चंचला पटेल के प्रति भी विद्यालय परिवार की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयीन प्रशिक्षकों, स्पेशल ओलंपिक भारत–छत्तीसगढ़ की टीम तथा राष्ट्रीय शिविरों के प्रशिक्षकों के सामूहिक मार्गदर्शन और सहयोग से ही सत्यांशु भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल टीम तक पहुँचने में सफल हुए।
प्रशिक्षक सुश्री देविका दीवान एवं काजल रजक ने कहा कि सत्यांशु ने कठिन अभ्यास, अनुशासन, सीखने की ललक और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि अर्जित की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वह स्वीडन में भारतीय टीम के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। सार्थक स्कूल की वरिष्ठ प्रशिक्षक मैथिली गोड़े, कंप्यूटर प्रशिक्षक कौशल्या यादव, सुधा पुरी गोस्वामी,मुकेश चौधरी स्वीटी सोनी,गीतांजलि गुप्ता,एवं आया बाई सुनैना गोड़े ने भी सत्यांशु को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में सत्यांशु दीप को स्वीडन यात्रा एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए ट्रॉली बैग, टी-शर्ट, लोअर, सॉक्स, ग्लव्स सहित अन्य आवश्यक एवं उपयोगी सामग्री भेंट की गई। इन उपहारों एवं आवश्यक सामग्री की व्यवस्था में श्रीमती रसीला बिपिनभाई दोशी, सार्थक संस्था के संरक्षक गोपाल शर्मा एवं मदनमोहन खंडेलवाल, डॉ. ए.के. रावत, सार्थक संस्था की संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती प्रभा रावत, पूर्व विधायक हर्षद भाई मेहता,समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक डॉ. मनीषा पांडे, समाजसेवी आकाश कटारिया, शिवा प्रधान तथा सुधा अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। सार्थक परिवार ने सभी सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और आत्मीय सहभागिता ने सत्यांशु की अंतर्राष्ट्रीय यात्रा की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रेरणादायी बनाया।
संरक्षक गोपाल शर्मा एवं मदनमोहन खंडेलवाल ने कहा कि सत्यांशु की उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि विशेष बच्चों को यदि विश्वास, उचित प्रशिक्षण और समाज का सहयोग मिले तो वे विश्व मंच पर भी भारत का गौरव बढ़ा सकते हैं। उन्होंने सत्यांशु को पूरी निष्ठा और आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए भारत, छत्तीसगढ़ एवं धमतरी का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया।
विद्यालय परिवार ने बताया कि धमतरी कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने सत्यांशु की पूर्व राज्यस्तरीय उपलब्धियों पर भी उन्हें सम्मानित कर उपहार एवं आशीर्वाद प्रदान किया था। उनका प्रोत्साहन सत्यांशु सहित जिले के अनेक विशेष खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का आत्मविश्वास मिला।
इस अवसर पर सत्यांशु की माताजी रंभा दीप भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि डॉ. सरिता दोशी, सार्थक विद्यालय परिवार, सभी प्रशिक्षकों, स्पेशल ओलंपिक भारत–छत्तीसगढ़ तथा सभी शुभचिंतकों के सहयोग, स्नेह और मार्गदर्शन से ही उनके पुत्र का यह सपना साकार हुआ है। उन्होंने सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
समारोह में विद्यालय के विशेष छात्र अर्जुन, भारती, दीपाली एवं विनीत ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अपने साथी खिलाड़ी को शुभकामनाएँ देते हुए भावभीनी विदाई दी।
