संजय छाजेड़
धमतरी स्थित मानसिक दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र सार्थक स्कूल में होली का पर्व हर्षोल्लास और आत्मीय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मोहनीश पदमवार अपनी माता श्रीमती नीलिमा पदमवार के साथ विशेष बच्चों के बीच पहुंचे। उनके साथ उनके मित्र सेवक साहू भी अपनी माता श्रीमती कुंवर साहू एवं पिता श्री मुरारीराम साहू के साथ उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मोहनीश पदमवार ने अपने हाथों से निर्मित हर्बल गुलाल के पैकेट बच्चों को उपहार स्वरूप भेंट किए। अतिथियों ने बच्चों के साथ फूलों और हर्बल गुलाल से होली खेली तथा होली गीतों पर नृत्य किया। कार्यक्रम के दौरान संगीत प्रशिक्षिका देविका दीवान की ढोल की थाप पर बच्चे, अतिथि और प्रशिक्षक झूम उठे, जिससे पूरा परिसर उल्लास से भर गया।
मोहनीश पदमवार ने कहा कि विशेष बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रशिक्षकों का समर्पण सराहनीय है। सेवक साहू ने कहा कि विशेष बच्चों के साथ समय बिताना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
सार्थक संस्था की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी ने कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और समानता का प्रतीक है तथा हर्बल गुलाल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। सचिव स्नेहा राठौड़ ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सार्थक की सहसचिव श्रीमती वंदना मिराणी एवं कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती प्रतिभा अग्रवाल ने बच्चों को स्नेहपूर्वक स्वल्पाहार कराया।
