संजय जैन
धमतरी। जबसे प्रभारी कार्यपालन अभियंता के पद पर प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री ग्राम सडक़ योजना विभाग में सहायक अभियंता की पदस्थापना हुई है, तबसे लेकर न तो निर्माण कार्यों में कोई रूचि दिखाई जा रही है और न ही नवनिर्मित सडक़ों की दुर्दशा को लेकर संबंधित ठेकेदार पर कोई कार्यवाही की जा रही है। हद तो यह है कि पीएमजेएसवाय कार्यालय से मात्र आधा किमी की दूरी पर महानदी मुख्य नहर के बाजू लगाये गये जर्मन के क्रॉस बेरियर की लगातार अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटना को भी गंभीरता से नहीं लिया गया जिससे कभी भी आवागमन करती वाहनों में बैठे यात्रियों के साथ बहुत बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इस पर भी उनके द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। क्रॉस बेैरियर में लगे सुरक्षा पट्टी के साथ साथ नटबोल्ट के लगातार चोरी होने से राहगीरों में चिंता की लकीर देखी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पता चला है कि प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना विभाग अंतर्गत केनाल के ऊपरी हिस्से पर सपोर्टिंग हेतु जर्मन का क्रॉस बैरियर लाखों रूपये की लागत से लगाया गया था। सडक़ निर्माण के पश्चात ठेकेदार ने अपना काम पूरा कर यह कार्य को विभाग के सुपुर्द कर दिया जिसकी जवाबदारी विभाग की है। लेकिन कार्यालय से महज आधा किमी की दूरी पर निर्मित सडक़ एवं क्रॉस बैरियर की देखरेख के अभाव में एक ओर यहां लगे जर्मन के सामान चोरी हो रहे हैं। इसे लेकर विभाग द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जगह-जगह से क्रॉस बैरियर के हट जाने से धोखे से भी यदि वाहन चालक अपना संतुलन खोते हैं तो संबंधित वाहन नहर के भीतर समा जायेंगे जहां लगातार पानी का बहाव रहता है। इसके अतिरिक्त अज्ञात चोरों द्वारा क्रॉस बैरियर के पट्टियों के साथ साथ नटबोल्ट को भी खोलकर चोरी कर लिया गया है। यदि कोई व्यक्ति बिना नटबोल्ट लगे क्रॉस बैरियर को छूते हुए पानी को निहारेगा तो उसका गिरना तय माना जा रहा है। इतनी बड़ी लापरवाही शायद यह पहली है जहां कार्यालय समीप है, उसके बाद भी प्रभारी कार्यपालन अभियंता को इसकी सुध लेने की भी फुर्सत नहीं है।
कार्यपालन अभियंता कार्यालय में प्रभारी कार्यपालन अभियंता के पद पर सहायक अभियंता की नियुक्ति पूर्व कार्यपालन अभियंता के सेवानिवृत्त होने के बाद इनकी यहां नियुक्ति पीएमजेएसवाय के वरिष्ठ अधिकारियों ने की है। आश्चर्य इस बात का है कि इस विभाग में एक से एक नामी कार्यपालन अभियंता के होते हुए एक सहायक अभियंता को इस विभाग का प्रभारी कार्यपालन अभियंता बनाया गया है जो अपने आप में मिसाल है जिनके द्वारा निर्माण कार्यों के साथ साथ उपरोक्त लापरवाही बरती जा रही है। निर्माण कार्यों में भी पिछले महीने अनेक ऐसे शिकायत प्राप्त हुई है जिसके चलते गारंटी समय वाली सडक़ें भी जर्जर हो गई हैं। इसे लेकर भी वे ठेकेदारों को नोटिस इत्यादि जारी करने में हीलाहवाला कर रही हैं जबकि नियमानुसार नवनिर्मित सडक़ों में इस प्रकार की त्रुटि सामने आने पर ठेकेदार को नोटिस जारी कर उचित कार्यवाही किया जाना था अथवा भुगतान रोका जाना था। डोंगरडुला से बटनहर्रा, ग्राम दरगहन आदि क्षेत्रों में निर्मित ऐसी सडक़ों की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। ग्रामीणों ने पीएमजेएसवाय के प्रभारी कार्यपालन अभियंता को भी इसकी जानकारी देने लगातार कार्यालय का चक्कर लगाया किंतु वे हमेशा कार्यालय से नदारद रहती हैं जिसके कारण उनकी शिकायतें लेने वाला कोई उपस्थित नहीं हुआ।
प्रभारी कार्यपालन अभियंता की जिस प्रकार लापरवाही चल रही है, उसे लेकर ग्रामीणों एवं शिकायतकर्ताओं में भी खासी नाराजगी देखी जा रही है। इस कार्यालय से आधा किमी की दूरी पर स्थित महानदी मुख्य नहर के ऊपरी सतह पर सुरक्षा की दृष्टि से लगाये गये क्रॉस बैरियर के चोरी होने की जानकारी ऐसा नहीं है कि कार्यपालन अभियंता को नहीं है परंतु उनके द्वारा जान बूझकर उस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस संबंध में जब धमतरिहा के गोठ के द्वारा इसकी जानकारी अधीक्षण अभियंता वरूण राजपूत को मोबाईल पर दी गई और उनका पक्ष लिया गया तो उनका कहना है कि यह जानकारी आपके द्वारा मेरे संज्ञान में लाया गया है। शासकीय संपत्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी आम नागरिकों की भी होती है, फिर भी मैं इस मामले को लेकर संबंधितों को निर्देश देता हूं और क्रॉस बैरियर एवं इसमें लगे नटबोल्ट की चोरी की शिकायत की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराने का निर्देश देता हूं। इस बात से यह स्पष्ट हो जाता है कि पीएमजेएसवाय के कार्यपालन अभियंता ने इन पंक्तियों के लिखे जाने तक इसकी जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारी को भी नहीं दी है और न ही क्रॉस बैरियर चोरी होने की शिकायत संबंधित थाने में दर्ज कराई गई है।

