संजय जैन
धमतरी 19 जुलाई। सर्वशैक्षिक संघ एवं फेडरेशन ब्लॉक कुरूद जिला धमतरी के द्वारा विकासखंड शिक्षाधिकारी डॉ आर एन मिश्र को पद से हटाने के संबंध में की गई शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने सचिव छग शासन स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय महानदी भवन अटल नगर रायपुर को पत्र क्र./स्था, 01/शिक्षा/शिकायत/5060 दिनांक 14 जुलाई 2023 को प्रेषित करते हुए डॉ आर एन मिश्र प्रभारी विकासखंड शिक्षाधिकारी कुरूद को पद से हटाये जाने का प्रस्ताव अनुशंसा सहित प्रेषित किया है। शिकायत की प्रतिलिपि संचालक , लोक शिक्षक संचालनालय अटल नगर नवा रायपुर, संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग रायपुर, जिला शिक्षाधिकारी तथा ज्ञापन सौंपने वाले सर्व शैक्षिक संघ एवं फेडरेशन विकासखंड कुरूद को भी प्रेषित किया गया है।
कुरूद विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोकड़ी के खदान में एक छात्रा के सिर में गंभीर चोट आने की शिकायत की जानकारी लगने पर संकुल समन्वयक के द्वारा उक्त घटना की जानकारी विखं शिक्षाधिकारी को समय पर ही दे दिया गया था किंतु संबंधित विखं शिक्षाधिकारी कुरूद के द्वारा व्यक्तिगत रूचि लेकर घटनाक्रम का मौके पर जाकर वस्तुस्थिति से अवगत नहीं होने तथा उच्च कार्यालय को भी इस घटनाक्रम की जानकारी नहीं दिया गया। विखं शिक्षाधिकारी के उक्त कृत्य हेतु कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। विखं शिक्षाधिकारी डॉ आर एन मिश्र के उक्त रवैये से सर्व शैक्षिक संगठन में आक्रोश व्याप्त है। वर्तमान परिस्थिति को दृष्टिगत रखते हुए प्रभारी ब्लॉक शिक्षाधिकारी को पद से हटाये जाने की मांग हेतु एक शिकायत कलेक्टर श्री रघुवंशी को संघ के द्वारा प्रस्तुत की गई थी जिसे लेकर कलेक्टर ने 14 जुलाई को उक्त पत्र प्रेषित कर कार्यवाही की अनुशंसा की है।
ब्लॉक शिक्षाधिकारी के संबंध में सर्वशैक्षिक संघ के द्वारा पदोन्नत प्रधान पाठकों के वेतन फिक्सेशन कर वेतन का भुगतान करने, अतिशेष शिक्षकों को शैक्षणिक व्यवस्थापन करने, लंबित एरियर्स राशि के भुगतान के संबंध में शासकीय सेवकों के सेवा पुस्तिकाओं का समय में संधारण करने किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं करने, बैंक में ऋण लेने हेतु फार्म पर हस्ताक्षर नहीं करने जैसे विभिन्न शिकायतों का भी उल्लेख किया गया था। संबंधित अधिकारी के द्वारा समस्याओं का निराकरण करने के बजाय उच्च कार्यालय से मार्गदर्शन लेने, नियमों का हवाला देने व शिक्षकों की समस्याओं को अनसुना करने का शिकायत में लेख किया गया है। सबसे गंभीर बात यह है कि ग्राम कोकड़ी के खदान में ब्लास्टिंग के दौरान एक छात्रा के सिर में गंभीर चोट आने की घटना प्रमुख है जिसकी जानकारी न तो उन्होंने उच्चाधिकारियों को दी और न ही इसे गंभीरता से लेते हुए ब्लॉक शिक्षाधिकारी ने छात्रा का हालचाल जाना जिसे देखते हुए ही कलेक्टर ने उक्त पत्र सचिव स्कूल शिक्षा विभाग को प्रेषित किया है।
