रात के अंधेरे में लूटपाट करने वाला गिरोह सक्रिय

धमतरिहा के गोठ
0

 


संजय जैन 

धमतरी 26 जून। रात के अंधेरे साये में एक गिरोह लगातार लूट की घटना को अंजाम दे रहा है जिसकी जानकारी पुलिस विभाग को नहीं है। लेकिन इस गिरोह का कृत्य आमजन की जुबानों में चर्चित है। ये गिरोह रत्नाबांधा चौक से पोटियाडीह तक सक्रिय है जिसके द्वारा हाईवा को रोककर भारी भरकम रकम, चाकू की नोक पर वसूली जा रही है। एक हाईवा चालक से पिछले दिनों हजारों रूपये की लूट की गई। ऐसी अनेक घटनाएं घट चुकी हैं। ये गिरोह के द्वारा दोपहिया वाहन का उपयोग किया जा रहा है। लगातार ऐसी घटनाओं की जानकारी मिलने पर जागरूक नागरिक द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेम्भुरकर साहू को दी गई है जिसे उन्होंने गंभीरता से लेते हुए इस मामले की तहकीकात प्रारंभ कर दी है। बताया जाता है कि लूटपाट के इस घटना को अंजाम देने में 10-15 सदस्यों का गिरोह सक्रिय रहता है जो राह से आने वाले वाहनों पर नजर रखकर घटना को अंजाम दे रहे हैं जो नकाब में अपना मुंह छुपाये रहते हैं ताकि इन्हें कोई पहचान न पाये।

मिली जानकारी के अनुसार पता चला है कि पिछले लंबे समय से एक गिरोह जो रत्नाबांधा चौक से पोटियाडीह के बीच सक्रिय रहता है, जो हाईवा को ताकते रहते हैं। जैसे ही हाईवा रेत अथवा मुरूम लेकर निकलती है, उसके पीछे दोपहिया वाहन से पीछा किया जाता है और उसे ठीक मुजगहन नाले के समीप जहां पुल का निर्माण अधूरा है, वहां प्रत्येक वाहन चालक अपनी वाहन को धीरे करता है, बस इसी का लाभ लेकर गिरोह के सदस्य ड्राईविंग कक्ष के दरवाजे को खोलकर ड्राईवर के सीने में चाकू टिका देते हैं और लूटपाट करते आ रहे हैं। यह वारदात लंबे समय से चल रही है जिसके शिकार हुए चालक या तो समयाभाव के कारण, या तो पुलिस में शिकायत नहीं दर्ज कराने से बचने जैसे मजबूरियों के चलते इसकी सूचना पुलिस विभाग को नहीं दे पा रहे हैं और इसी का लाभ ये गिरोह आज तक लेते आ रहा है। पुलिस कार्यवाही नहीं होने से इनके हौसले इतने बुलंद है कि 23 जून की रात लगभग 3 बजे रत्नाबांधा चौक पर एक हाईवा चालक को शिकार बनाने का प्रयास किया लेकिन हाईवा चालक द्वारा मजबूती से इनका सामना किया जिसके चलते ये लोग भाग गये। लेकिन इसी बीच संबंधित हाईवा चालक द्वारा लूट की वारदात को अंजाम देने आये मोटर सायकल का फोटो ले लिया गया और अब उम्मीद की जा रही है कि ये गिरोह अब जल्द से जल्द पुलिस के हत्थे चढ़ेगा। ये गिरोह कहां का है, कौन लोग हैं, इसकी कोई जानकारी संबंधितों ने इस प्रतिनिधि को नहीं बताई परंतु घटना की पीडि़त ड्राईवरों ने पुष्टि की है। कुछ हाईवा चालकों ने प्रतिनिधि को बताया कि लगभग 15 से 20 हाईवा चालक अब तक लूट की घटना का शिकार हो चुके हैं परंतु अभी तक इस घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज नहीं कराई गई है।

लूटपाट करने वाले ऐसे गिरोह के संबंध में डरकर ग्रामीणजन भी कुछ कहने से बचते हैं। यह गिरोह के लूटपाट की जानकारी अनेक लोगों को होने के बाद भी इसकी सूचना पुलिस विभाग को देने में ऐसे लोगों द्वारा आनाकानी की जाती है। शहर में पिछले लंबे समय से चाकूबाजों की भरमार सी आ गई थी जिसे लेकर पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेम्भुरकर साहू द्वारा समय समय पर एक विशेष अभियान चलाकर ऐसे संदिग्ध युवकों की तलाशी का निर्देश संबंधित थाना प्रभारियों को दिया गया और मिशन बटंची-चाकू की तहकीकात करने के दौरान अनेक लोगों के जेब में धारदार यह हथियार बरामद हुआ है जिनके विरूद्ध कार्यवाही भी की जा रही है। इसी प्रकार पुलिस विभाग द्वारा समय समय पर जिले में अपराधों की रोकथाम हेतु अभियान चलाया जाता है। यही कारण है कि चाकूबाजों की संख्या में कमी देखी जा रही है। जहां तक लूटपाट करने वालों का सवाल है, उसे लेकर अब पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैदी से पतासाजी के लिये अपने मुखबिर लगा दिये हैं। रेत, मुरूम से भरी हाईवा के चालकों द्वारा रत्नाबांधा से गुंडरदेही रोड की ओर परिवहन किया जाता है जहां रात्रि होने के बाद यह गिरोह सक्रिय हो जाता है। 

रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक होने वाली इस वारदात की जानकारी हाईवा चालकों ने एक-दूसरे को दे दी है परंतु जो इस जानकारी को नहीं रखते, ऐसे लोग ही इस गिरोह का शिकार बनते आ रहे हैं जिनके ऊपर कार्यवाही की मांग जागरूक लोगों ने की है। इन्होंने पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि शहर के भीतरी इलाकों के साथ साथ बाहरी क्षेत्रों में भी पेट्रोलिंग में तेजी लाया जाये ताकि ऐसे गिरोह का भांडाफोड़ हो सके और कोई भी चालक अथवा राहगीर लूटपाट का शिकार न हो पाये। अब देखना है कि पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में संबंधित थाना क्षेत्र अथवा पेट्रोलिंग टीम किस प्रकार ऐसे गिरोह को दबोचने में कामयाबी हासिल करती है। इस पूरे मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेम्भुरकर साहू से दूरभाष पर चर्चा में उन्होंने बताया कि घटना की शिकायत प्राप्त हुई है, आवेदक को बुलवाया गया है और जल्द इस मामले पर एफआईआर दर्ज कर दोषियों को पकड़ा जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि लूट की घटना की शिकायत प्राप्त हुई थी लेकिन इस मामले को लेकर किसी भी पीडि़त द्वारा शिकायत दर्ज नहीं कराये जाने के कारण कार्यवाही करने में देरी हो रही थी। अब जब पीडि़त द्वारा इस मामले को थाने में लाया गया है तो इसकी जांच प्रारंभ की जायेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)