संजय जैन
धमतरी | "छत्तीसगढ़ राज्य प्राचार्य पदोन्नति संघर्ष मोर्चा" के द्वारा प्रदेश में वर्षों से रुकी हुई प्राचार्य पदोन्नति का आदेश जल्द से जल्द जारी करवाने शासन से पुरजोर माँग की जा रही हैं। इस कड़ी में 25 जून 2023 को बिलासपुर में सम्पन्न हुई बैठक में "छत्तीसगढ़ राज्य प्राचार्य पदोन्नति संघर्ष मोर्चा" के प्रदेश संयोजक सतीश प्रकाश सिंह ने घोषणा की हैं कि 26 जून 2023 से प्रारंभ हो रहे नए शिक्षण सत्र में प्रदेश के "टी" तथा "ई" संवर्ग के हजारों नियमित व्याख्याता तथा प्रधान पाठक माध्यमिक शाला द्वारा वर्षों से अपनी प्राचार्य पदोन्नति नहीं होने से क्षुब्ध होकर अपने पदनाम के आगे "वरिष्ठ व्याख्याता" एवं "वरिष्ठ प्रधान पाठक" लिखेंगे।
प्रदेश संयोजक सतीश प्रकाश सिंह ने कहा कि, प्राचार्य पद पर पदोन्नति देने से शासन को कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं आयेगा , क्योंकि पदोन्नति प्राप्त करने वाले सभी नियमित व्याख्याता तथा प्रधान पाठक वर्तमान में प्राचार्य पद का ही वेतन और पे स्केल प्राप्त कर रहें हैं। प्रदेश के इन वरिष्ठ व्याख्याता और प्रधान पाठकों को प्राचार्य पद पर पदोन्नति मिलने से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में समुचित सुधार आयेगा, क्योंकि प्रदेश के 3266 से अधिक शासकीय हाई स्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों में वर्षों से प्राचार्य के पद रिक्त पड़े हैं , जहाँ पूर्णकालिक प्राचार्य के नहीं होने से केवल प्रभारियों के भरोसे से संचालित हो रहें इन स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। छत्तीसगढ़ राज्य प्राचार्य पदोन्नति संघर्ष मोर्चा की बैठक में प्रमुख रूप से - त्रिवेणी प्रसाद झारिया , सी. आर. पैकरा, विसंभर सिंह, एस. एन. शिव, अलका गांगुली आदि सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए। "छत्तीसगढ़ राज्य प्राचार्य पदोन्नति संघर्ष मोर्चा " ने शासन से प्राचार्य पदोन्नति के लिए तत्काल एक निश्चित समयबद्ध कार्यक्रम ( Time Table ) जारी कर , समस्त विभागीय प्रक्रिया को पूर्ण करके चुनाव आचार संहिता लगने के पूर्व प्राचार्य पद पर पदोन्नति का आदेश जारी करने की पुरजोर माँग की हैं।



.jpeg)