धमतरी का सड़क नेटवर्क होगा मजबूत, विकास की खुलेगी नई राह- चेतन हिन्दूजा

धमतरिहा के गोठ
0
संजय छाजेड़ 
धमतरी। भाजपा जिला कोषाध्यक्ष चेतन हिन्दूजा ने कहा कि धमतरी जिले के विकास को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता अब धरातल पर दिखाई दे रही है। जिले में एक साथ 101 करोड़ रुपए से अधिक के सड़क विकास कार्यों को मंजूरी मिलना बताता है कि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि अधोसंरचना विकास के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की सक्रियता से धमतरी जिले को सड़क विकास की बड़ी सौगात मिली है। बारिश के बाद अब काम शुरू करने की तैयारी है, सड़को का मजबूत नेटवर्क विकास की नई राह खोलेगा। धमतरी जिले के कई महत्वपूर्ण मार्गों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से आम लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। सड़कें बेहतर होने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, व्यापारियों को माल परिवहन करने और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी। मजबूत सड़क नेटवर्क जिले की आर्थिक गतिविधियों को गति देने के साथ रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी पैदा करने में सहायक होगा। श्री हिन्दूजा ने कहा कि आमदी में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ और सौंदर्यीकरण की स्वीकृति भी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि आमदी नगर के स्वरूप और आकर्षण में भी बदलाव आएगा। इसी तरह राज्य मार्ग के मजबूतीकरण से धमतरी, कुरूद, नगरी-सिहावा और आसपास के क्षेत्रों के बीच संपर्क और सुगम होगा। धमतरी जिले के गंगरेल, सिहावा सहित अन्य पर्यटन क्षेत्रों तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचने से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की संभावनाएं मजबूत होंगी। इसका लाभ होटल, परिवहन, खान-पान, होम-स्टे सहित स्थानीय व्यवसायों को मिलेगा। सरकार द्वारा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा सुनिश्चित करने के निर्देश देना भी स्वागतयोग्य है। भाजपा जिला कोषाध्यक्ष ने कहा कि 101 करोड़ रुपए से अधिक के इन सड़क कार्यों को केवल सड़क निर्माण के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह जिले के समग्र विकास की आधारभूत कड़ी है। बेहतर सड़कें गांवों को शहरों से जोड़ेंगी, किसानों और व्यापारियों को बाजार से जोड़ेंगी तथा पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देंगी। राज्य सरकार द्वारा धमतरी जिले को दी गई यह सौगात आने वाले समय में जिले के विकास की दिशा को और मजबूत करेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)