संजय छाजेड़
धमतरी/ सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा रामसागर पारा वार्ड स्थित रमसगरी गार्डन परिसर में श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर श्री जगदीश “रामू” रोहरा एवं आयुक्त श्री अरुण वर्मा सहित एमआईसी सदस्यगण, पार्षदगण, एल्डरमैन, निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
इस दौरान सभी ने मिलकर गार्डन परिसर में साफ-सफाई करते हुए श्रमदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर धमतरी के निर्माण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। स्वच्छता केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
आयुक्त अरुण वर्मा ने कहा कि स्वच्छता को जनअभियान का स्वरूप देने के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है। नियमित श्रमदान और स्वच्छता के प्रति जागरूकता से ही हम अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बना सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों में सक्रिय रूप से सहभागी बनने की अपील की।
