शिक्षा की राह हुई आसान, छात्राओं को मिली सफलता की नई सवारी

धमतरिहा के गोठ
0
संजय छाजेड़ 
धमतरी। ग्राम मुजगहन स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री श्री ओमेश यादव रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य श्रीमती धनेश्वरी साहू ने की। इस अवसर पर सरपंच श्री होमेश्वर साहू, प्राचार्य श्रीमती मोनिका गोस्वामी, विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री ओमेश यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। सरस्वती साइकिल योजना बेटियों के सपनों को नई उड़ान देने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
जिला पंचायत सदस्य श्रीमती धनेश्वरी साहू ने छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षित बेटियाँ समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। प्राचार्य श्रीमती मोनिका गोस्वामी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए छात्राओं से इस योजना का लाभ उठाकर नियमित अध्ययन करने और अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ दीं। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)