संजय छाजेड़
समाज कल्याण विभाग की अनुदानित संस्था सार्थक स्कूल, धमतरी में समाज कल्याण विभाग एवं स्पेशल ओलंपिक भारत छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक डॉ. मनीषा पांडे एवं स्पेशल ओलंपिक भारत छत्तीसगढ़ के डायरेक्टर श्री प्रमोद कुमार तिवारी के निर्देशन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ॐ के पवित्र उच्चारण से हुआ। इसके पश्चात सार्थक स्कूल के विशेष बच्चों नेमेश, भारती, मोनिका, कुलदीप, रूपेश, मनीष, अर्जुन, इशू, ईश्वर, निखिल, प्रतीक, भूपेंद्र, फलेश, जुनैद एवं आकाश ने योग प्रशिक्षक देविका दीवान एवं काजल रजक के मार्गदर्शन में ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम, प्राणायाम तथा सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का उत्साहपूर्वक अभ्यास किया। सभी विशेष बच्चों ने पूरे अनुशासन, उत्साह एवं ऊर्जा के साथ योग गतिविधियों में भाग लिया।
इस अवसर पर संस्था की सचिव श्रीमती स्नेहा राठौड़ ने कहा कि नियमित योग स्वस्थ शरीर, शांत मन एवं सकारात्मक जीवन का आधार है। उन्होंने विशेष बच्चों को प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि योग से आत्मविश्वास, एकाग्रता, संतुलन एवं आत्मनिर्भरता का विकास होता है।
योग प्रशिक्षक देविका दीवान एवं काजल रजक ने विशेष बच्चों को उनकी क्षमता के अनुरूप सरल एवं प्रभावी योगाभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि, नियमित योग विशेष बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास में अत्यंत सहायक है। इससे उनका आत्मविश्वास, संतुलन, लचीलापन एवं एकाग्रता भी बढ़ती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी विशेष बच्चों ने प्रतिदिन योग करने का संकल्प लिया। योग दिवस का यह आयोजन विशेष बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा "करें योग, रहें निरोग" के संदेश को आत्मसात करने की प्रेरणा बना।
