संजय छाजेड़
धमतरी। जिले में कथित धर्मांतरण और प्रार्थना सभाओं को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। हिन्दू जागरण मंच ने आरोप लगाया है कि धार्मिक स्वतंत्रता कानून के पालन को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपे जाने के बावजूद रविवार को नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में बड़े स्तर पर प्रार्थना सभाएं आयोजित होती रहीं। इसे लेकर संगठन ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि पूर्व में प्रशासन को विभिन्न क्षेत्रों में संचालित प्रार्थना सभाओं की जानकारी एवं सूची उपलब्ध कराई गई थी। इसके बावजूद संबंधित गतिविधियां जारी रहने से लोगों में चर्चा का माहौल बना हुआ है। मंच ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच और वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
जिला संयोजक पुरुषोत्तम निषाद ने कहा कि धमतरी पूर्व में भी विभिन्न जांच और कार्रवाई के कारण चर्चाओं में रहा है, ऐसे में प्रशासन को अधिक सतर्कता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि शासन के नियमों का प्रभावी पालन नहीं होगा तो कानून की उपयोगिता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
सहसंयोजक चित्रेश साहु ने स्पष्ट किया कि संगठन किसी समुदाय विशेष के विरोध में नहीं है, बल्कि कानून का समान रूप से पालन सुनिश्चित करने की मांग कर रहा है। उन्होंने प्रशासन से जिले में संचालित सभी प्रार्थना सभाओं एवं संबंधित गतिविधियों की जांच कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया अपनाने का आग्रह किया।
