संजय छाजेड़
धमतरी- ग्रामीण सेवा सहकारी समिति छाती में चना एवं सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदी का शुभारंभ आज विधिवत रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेंद्र साहू शामिल हुईं। उनके आगमन पर समिति पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके पश्चात चना और सरसों खरीदी का शुभारंभ किया गया, इस दौरान क्षेत्र के ग्राम छाती, उडेना, झिरिया, डाही, सरसोंपुरी, गोपालपुरी, कंडेल, बोड़रा, सारंगपुरी सहित आसपास के गांवों के किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि श्रीमती रंजना साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए समर्थन मूल्य पर खरीदी अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है, इससे किसानों को आर्थिक मजबूती मिलती है और वे आत्मनिर्भर बनते हैं, सरकार किसानों के हितों के संरक्षण और उनकी आय में वृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों को फसल परिवर्तन (क्रॉप रोटेशन) अपनाने के लिए भी प्रेरित करते हुए कहा कि चना, सरसों जैसी दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती से न केवल मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है, बल्कि उत्पादन लागत भी कम होती है और किसानों को बेहतर लाभ मिलता है, तो वहीं फसल विविधीकरण से जोखिम कम होता है और आय के नए अवसर भी बढ़ते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पारंपरिक खेती के साथ-साथ नई कृषि पद्धतियों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि करें। प्राधिकृत सोसायटी अध्यक्ष श्री ललित साहू ने कहा कि समिति द्वारा खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। तौल, पंजीयन एवं भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाया गया है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, साथ ही उन्होंने किसानों से निर्धारित मापदंडों के अनुसार उपज लाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को खरीदी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई एवं उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। समर्थन मूल्य पर खरीदी के शुभारंभ से क्षेत्र के किसानों में उत्साह का वातावरण देखा गया और उन्होंने शासन की इस पहल की सराहना की। सोसायटी व्यवस्थापक नरेंद्र साहू ने आए हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किए। इस अवसर पर मुख्य रूप से बोड़रा सोसायटी प्राधिकृत अधिकारी चिरौंजी साहू , व्यवस्थापक संबलपुर के.के साहू , क़ृषि विस्तार अधिकारी ऋतूराज साहू , भगत यादव , ग्राम झिरिया सरपंच शेखर पटेल, ग्राम उड़ेना सरपंच तेजराम निर्मलकर, प्रीतम साहू , राजेश चंद्राकर , बल्ला चंद्राकर , विजय चंद्राकर , अरुण बघेल , बंटी दिली, खिलेंद्र चंद्राकर , कुंवरलाल साहू , दौलत साहू , रुक्मणी सेन , मोनिका साहू, सोसायटी के पदाधिकारी व सदस्यगण सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
