संजय जैन
धमतरी। छग शासन लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पिछले वर्ष हुई अत्यधिक वर्षा के कारण मुख्य सडक़ों में बड़े-बड़े गड्ढों को लेकर आम नागरिकों के हाहाकार के चलते भारी राशि समूचे प्रदेश में इन अधिकारियों को इसलिये दी गई कि उक्त सडक़ों में पेचवर्क कर आम नागरिकों को होने वाली तकलीफों को दूर किया जा सके। इसी परिप्रेक्ष्य में धमतरी जिले को भी लाखों रूपये की राशि आबंटित की गई थी। लेकिन नगरी एवं कुरूद क्षेत्र में ऐसी जर्जर सडक़ों का पेचवर्क न कर उक्त राशि का दुरूपयोग किया गया है। विभाग के इन अधिकारियों द्वारा पेचवर्क में एक ओर लीपापोती कर अधिकांश राशि बंदरबांट कर ली गई वहीं दूसरी ओर कुछ निर्माण कार्यों को विभाग द्वारा पूरा नहीं किये जाने के कारण उसमें गंभीर दुर्घटनाएं हो रही है जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण मुजगहन के आगे नवनिर्माणाधीन अधूरे पुल से दिया जा सकता है जिसमें पिछले दिनों एक महिला की सडक़ हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। उक्त पुल में घटित इस घटना को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश रामू रोहरा के नेतृत्व में उक्त ग्राम क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने थाना अर्जुनी में लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं विभागीय अधिकारियों के खिलाफ इस घटना के लिये जिम्मेदार बताते हुए एक लिखित शिकायत देकर धारा 302 के अंतर्गत अपराध दर्ज करने की मांग की है।
धमतरी जिले में पिछले वर्ष अत्यधिक वर्षा से जिले की मुख्य सडक़ें जगह-जगह गड्ढों से भर गई थी जिसमें आम नागरिकों का चलना दुश्वार हो रहा था। धमतरी जिले से कुरूद, नगरी, धमतरी के जागरूक नागरिकों द्वारा लगातार ऐसी सडक़ों के सुधार कार्य की मांग की जा रही थी जिसे लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू ने गंभीरता से लेते हुए इसका प्राक्कलन तैयार कर शीघ्रातिशीघ्र भेजे जाने की बात कही थी। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता द्वारा इस संबंध में कार्यपालन अभियंता को पत्र प्रेषित कर ऐसी जर्जर सडक़ों के निर्माण का प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया गया था जिसके तहत धमतरी जिले से नगरी, कुरूद, धमतरी के क्षेत्र की सडक़ों का प्राक्कलन तैयार कर भेजा गया था और इसका अनुमोदन कर राशि आबंटित की गई थी। उक्त राशि से विभाग द्वारा नगरी, सिहावा, बासिन, कुकरेल, बासीखई जैसे क्षेत्रों में पेचवर्क के नाम पर थूक-पॉलिश कर दी गई। और तो और जिस कोलियारी, खरेंगा, दोनर क्षेत्र की सडक़ों के लिये इस क्षेत्र के 32 ग्राम के लोग लगातार 100 दिनों तक धरना प्रदर्शन, चक्काजाम किये, उस सडक़ में वार्षिक रखरखाव के नाम पर 38 लाख 50 हजार रूपये का भुगतान लिया गया है जबकि सडक़ के लिये आज भी इस क्षेत्र के ग्रामीण लगातार चौड़ीकरण एवं सुधार की मांग कर रहे हैं। इसी क्षेत्र की एक अन्य सडक़ जो कि ग्राम सलोनी में स्थित है, वहां जगन्नाथ धु्रव पिता फत्तेलाल धु्रव नामक 25 वर्षीय इकलौते युवक की रेत से भरकर आ रही महाराष्ट्र पासिंग ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इसी तरह इस क्षेत्र में अनेक लोगों की दुर्घटना में मौत हुई है परंतु विभाग के अधिकारियों द्वारा सडक़ चौड़ीकरण निर्माण कार्य नहीं किया गया।
ग्राम मुजगहन में लोक निर्माण विभाग द्वारा जो पुल बनाया जा रहा है वह पिछले लंबे समय से अधूरा है जिसके कारण इस क्षेत्र में भी दुर्घटनाओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। कुछ दिनों पूर्व एक महिला की इसी पुल के पास दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई थी। इस दुर्घटना से ग्रामीणों में बेहद आक्रोश था जिसकी खबर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश रामू रोहरा को मिली तो वे वहां पहुंचे और ग्रामीणों को शांत किया। ग्रामीणों के द्वारा उक्त सडक़ हादसे में महिला की मौत को लेकर लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं अधिकारियों के खिलाफ इस घटना का जिम्मेदार बताते हुए मंत्री एवं विभागीय अधिकारियों के खिलाफ एक लिखित शिकायत अर्जुनी थाना प्रभारी को प्रस्तुत की गई जिसमें इन्होंने बताया कि 13 जून को जो मौत हुई है, इसके लिये पूर्ण रूपेण जिम्मेदार लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू एवं विभाग के अधिकारी है। जिन पर धारा 302 के तहत अपराध दर्ज किया जाये। शिकायत करने वालों में देवेश साहू, वासुदेव, ओम नारायण, दुष्यंत, हेमंत, तेजनारायण, दीपेश, धर्मेंद्र, धनराज, वामनदेव साहू, हेमंत आदि के हस्ताक्षर हैं। इन्होंने शिकायत के साथ साथ यह चेतावनी भी दी कि पांच दिवस के भीतर सडक़ मरम्मत, पुल निर्माण नहीं करने पर चक्काजाम, विभाग का घेराव किया जायेगा। ग्रामीणों द्वारा की गई मंत्री एवं विभागीय अधिकारियों के खिलाफ शिकायत समूचे शहर में जंगल के आग की तरह फैल गई किंतु अभी तक इस मामले की जांच या कार्यवाही नहीं हुई है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जिस प्रकार चारों ब्लॉकों में पेचवर्क सुधार कार्य आदि के नाम पर जो राशि भुगतान करना बताया है, उस कार्य की जांच की मांग बलवती हो रही है। साथ ही अधूरे पुल का निर्माण त्वरित गति से बरसात के पूर्व कराये जाने की बात कही गई है।

