संजय जैन
धमतरी | जिले में जल संवर्धन हेतु निर्मित किये जा रहे हैं अमृत सरोवरों की जमीनी हकीकत को जानने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग छत्तीसगढ़ शासन की ज्वाइंट कमिश्नर सीमा मिश्रा द्वारा अमृत सरोवरों का निरीक्षण किया गया। कुरूद विकासखंड के ग्राम पंचायत भैंसबोड़ में अमृत सरोवर नया तालाब निर्माण कार्य 1.5 एकड़ क्षेत्रफल में 18.81 लाख रूपये, अमृत सरोवर भोरकहन तालाब गहरीकरण 2.0 एकड़ क्षेत्रफल में राशि 9.98 लाख रूपये, ग्राम पंचायत गातापार में 1.30 एकड़ क्षेत्रफल में अमृत सरोवर डॉ. अम्बेडकर तालाब गहरीकरण राशि 9.95 लाख रूपये, ग्राम पंचायत सकरी में रानी लक्ष्मीबाई तालाब गहरीकरण अमृत सरोवर 3.0 एकड़ क्षेत्रफल में राशि 19.05 लाख रूपये, ग्राम पंचायत भैंसमुंडी अमृत सरोवर बकली रोड तालाब कार्य क्षेत्रफल 2.50 एकड़ स्वीकृत राशि 13.51 लाख रूपये, ग्राम पंचायत नवागावं (उ) अमृत सरोवर पंचायत निस्तारी तालाब कार्य राशि 9.98 लाख रूपये की लागत से निर्मित किए गए अमृत सरोवरों में आय मूलक गतिविधियां संचालित करने के भी निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। अमृत सरोवर निर्माण से ग्रामीणों को रोजगार के बेहतर साधन उपलब्ध होंगे।
.jpeg)
श्रीमती मिश्रा ने अमृत सरोवर निरीक्षण के दौरान मछली पालन हेतु अधिक से अधिक समूह की महिलाओं को जोड़े जाने की बात कही ताकि समूह की महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनें। अमृृत सरोवर के किनारे पीपल, बरगद, नीम के छायादार पौधा का रोपण करें जिससे राहगीरों को भी छाया मिल सके। 15वें वित्त की राशि से सरोवर को गार्डनिंग एवं पीचिंग कर आकर्षक एवं सुसज्जित बनाये जाने के निर्देश दिये गये। जिन तालाबों को मछली पालन हेतु ग्राम पंचायत द्वारा समिति को अनुबंध पर दी गई है दस्तावेज का परीक्षण जरूर करें। सरोवर में जल भराव एवं पानी की उपलब्धता की भी जानकारी ली गई। वहीं ग्रामीणों से चर्चा करते हुए राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त और 26 जनवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार एवं गांव के प्रमुख व्यक्ति के द्वारा ध्वजारोहण करने निर्देशित किया गया।
अमृत सरोवर के निरीक्षण के दौरान धरम सिंह सहायक परियोजना अधिकारी जिला पंचायत, एसडीओ आरईएस, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।